
कोरबा, 23 फरवरी 2026/
जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कुणाल दुदावत ने दूरस्थ ग्रामीण अंचलों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर उपस्थित हुए।
कलेक्टर ने एक-एक कर सभी आवेदकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का शीघ्र, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनदर्शन के दौरान खम्हरिया सहित अन्य पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने खाद्यान्न वितरण में हो रही अनियमितताओं और परेशानियों की शिकायत की। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने जिला खाद्य अधिकारी को संबंधित पंचायतों में स्वयं जाकर स्थिति की जांच करने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुचारु संचालन अत्यंत आवश्यक है तथा किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जनदर्शन में खाद्यान्न वितरण के अलावा फौती नामांतरण, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार से जुड़े प्रकरण, मुआवजा, पेंशन, नए आंगनबाड़ी भवन की मांग, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, ट्राई सायकिल, वनाधिकार पट्टा सहित कुल 119 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित करते हुए प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की जमीनी स्तर पर समीक्षा कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनदर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदनों को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शासन-प्रशासन जनता के साथ खड़ा है।

जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित और संवेदनशील निराकरण के दिए सख्त निर्देश">


















