
522 परिवारों को मिला स्वच्छ पेयजल, हैंडपंप और कुओं पर निर्भरता हुई समाप्त
कोरबा, 23 फरवरी 2026/
भारत जैसे भौगोलिक विविधताओं वाले देश में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता लंबे समय तक एक बड़ी चुनौती रही है। विशेषकर दूरस्थ, वनांचल और पठारी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीण वर्षों से पानी की समस्या से जूझते रहे हैं। लेकिन केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन ने अब इस तस्वीर को तेजी से बदलना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के सुदूर ग्राम मांगामार में “हर घर जल” का सपना साकार हो गया है।
जिला मुख्यालय कोरबा से लगभग 53 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मांगामार, जिसकी आबादी ढाई हजार से अधिक है, अब स्वच्छ पेयजल की स्थायी सुविधा से जुड़ चुका है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत यहां एक करोड़ 45 लाख 34 हजार रुपये की लागत से रेट्रोफिटिंग योजना का सफल क्रियान्वयन किया गया है। योजना के तहत 40 किलोमीटर क्षमता की एक उच्च स्तरीय पानी टंकी का निर्माण किया गया है, जिससे पूरे गांव में सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
गांव के प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से 3700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है और कुल 522 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। अब ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप, कुओं या दूरस्थ जल स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

गर्मियों में विकराल थी पानी की समस्या
ग्राम मांगामार की निवासी श्रीमती समारिन बाई खाण्डेल बताती हैं कि जल जीवन मिशन से पहले गर्मी के मौसम में हालात बेहद कठिन हो जाते थे। भू-जल स्तर गिरने से हैंडपंप सूख जाते थे और कुओं में भी पानी सीमित रह जाता था। सुबह-सुबह पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगती थीं। महिलाओं को घर के अन्य कार्यों के साथ-साथ पानी लाने में कई घंटे लग जाते थे, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक बोझ बढ़ जाता था।
हर घर नल से बदली दिनचर्या
अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। हर घर में नल कनेक्शन मिलने से नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल जल संकट का समाधान हुआ है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की दिनचर्या में भी बड़ा सकारात्मक परिवर्तन आया है। पानी ढोने की मजबूरी खत्म होने से महिलाएं अब अपने बच्चों की पढ़ाई, परिवार की देखभाल और आयवर्धक कार्यों में समय दे पा रही हैं।

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से गांव में स्वास्थ्य स्तर में भी सुधार देखा जा रहा है। जलजनित बीमारियों का खतरा कम हुआ है और लोगों का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन गया है।
दूरस्थ अंचलों में विकास की नई धारा
जल जीवन मिशन ने मांगामार जैसे दूरस्थ गांवों में बुनियादी जरूरत को पूरा कर विकास की नई धारा प्रवाहित की है। बारहों महीने घर-घर शुद्ध पानी की उपलब्धता ने ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में स्थायी सुधार किया है। हैंडपंपों पर निर्भरता समाप्त हो चुकी है और गांव जल संकट से मुक्त हो चुका है।
निःसंदेह, जल जीवन मिशन न केवल जल आपूर्ति की योजना है, बल्कि यह ग्रामीणों—विशेषकर महिलाओं—के जीवन को सम्मान, सुविधा और स्वास्थ्य से जोड़ने वाली एक क्रांतिकारी पहल बनकर उभरी है।


















