
कोरबा, 21 फरवरी 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिला कोरबा में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन विधिवत कर दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में मतदाता सूची जारी की गई। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता सूची की प्रमाणित प्रतियां भी प्रदान की गईं।
जिले में कुल 8,18,010 मतदाता पंजीकृत
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दुदावत ने जानकारी देते हुए बताया कि पुनरीक्षण के पश्चात कोरबा जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 8,18,010 हो गई है। इनमें 4,09,333 पुरुष, 4,08,664 महिला एवं 13 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जिले का लिंगानुपात सुधरकर 998 पर पहुंच गया है, जो महिलाओं की बढ़ती लोकतांत्रिक भागीदारी का सशक्त संकेत है।
विधानसभा वार मतदाताओं की स्थिति
पालीतानाखार विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 2,19,510 मतदाता दर्ज किए गए हैं। रामपुर में 2,07,076, कोरबा में 1,95,781 तथा कटघोरा में 1,95,643 मतदाता पंजीकृत हैं। यह संतुलित वितरण जिले की निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाता है।

1211 मतदान केंद्रों के साथ बेहतर सुविधा
निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुलभ और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। पहले जहां 1081 मतदान केंद्र थे, वहीं 132 नए केंद्र जोड़कर कुल संख्या 1211 कर दी गई है। इससे मतदाताओं को अपने निकटतम केंद्र पर सहज मतदान की सुविधा मिलेगी।
त्रुटिरहित और पारदर्शी प्रक्रिया पर विशेष ध्यान
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तकनीकी शुद्धता पर विशेष बल दिया गया। सी कैटेगरी के 40,882 तथा 2,46,684 तार्किक विसंगतियों से संबंधित मामलों में नोटिस जारी कर सत्यापन व सुनवाई की गई और आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए गए। साथ ही मृत्यु, स्थानांतरण एवं अनुपस्थित (ASD) श्रेणी के 1,33,741 नामों का नियमानुसार निराकरण कर मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया गया।
दावा-आपत्ति अवधि में 19,197 आवेदन प्राप्त
23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक चली दावा-आपत्ति अवधि में कुल 19,197 आवेदन प्राप्त हुए। नाम जोड़ने के 14,091 आवेदनों में से 13,445 स्वीकृत किए गए। इसके अतिरिक्त 315 नाम विलोपन और 4,187 संशोधन प्रकरणों का भी विधिवत निराकरण किया गया।
जन-जागरूकता अभियान और हेल्प डेस्क की पहल
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और जनहितकारी बनाने हेतु बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वेक्षण किया गया। ‘स्वीप’ कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला एवं तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क और कॉल सेंटर स्थापित कर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
आगामी चुनावों के लिए कोरबा पूरी तरह तैयार
कलेक्टर श्री दुदावत ने इस जटिल कार्य को समयसीमा में पूर्ण करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी तथा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के सहयोग की सराहना की। अंतिम प्रकाशन के साथ ही कोरबा जिला आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार है और लोकतंत्र के इस महापर्व में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है।


















