
पीएम जनमन के कार्य मार्च तक पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश, भुगतान में पारदर्शिता पर ज़ोर
कोरबा, 20 फरवरी 2026।
जिले में विकास कार्यों को गति देने और जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पीएमजीएसवाय, लोक निर्माण विभाग तथा पीडब्ल्यूडी-सेतु के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में स्वीकृत सड़कों, पुल-पुलियों एवं शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के पूर्व सभी स्वीकृत कार्यों में प्रगति लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) क्षेत्रों में निर्माणाधीन सड़कों एवं अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर परिवारों के निवास वाले दूरस्थ ग्रामों तक सड़क पहुँच सुनिश्चित करने को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मार्च माह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि कार्य लेकर लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी, वहीं समय पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने वाले ठेकेदारों का भुगतान बिना देरी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी एवं सब इंजीनियर निरंतर मॉनिटरिंग करें, नियमित रूप से साइट विजिट करें और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें।
कलेक्टर दुदावत ने ग्राम गौरव पथ, डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, सड़क, स्कूल, अस्पताल एवं अन्य शासकीय भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने धीमी प्रगति वाले रिपेयरिंग एवं छोटे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त कर संबंधित विभाग को हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिले में निर्माणाधीन पुल-पुलियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कोड़ियाघाट-झोरा पुल का कार्य 15 मार्च तक पूर्ण करने, वहीं सर्वमंगला मंदिर के पास हसदेव नदी पर उच्च स्तरीय पुल, दीपका-जवाली-चाकाबुड़ा, गुंजन नाला, लेमरू-श्यांग, दर्री-बेलगिरी नाला एवं लीलागर नदी पुल सहित अन्य कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के सुनालिया मार्ग में पुल निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए।
मिशन मोड में होंगे निर्माण कार्य
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होते ही मूल्यांकन कर भुगतान की राशि तत्काल जारी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा, फील्ड निरीक्षण तथा शासन के निर्देशानुसार मंगलवार-बुधवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर आम जनता से संवाद करने के निर्देश दिए। डीएमएफ अंतर्गत अप्रारंभ एवं पुराने कार्यों की समीक्षा कर उन्हें मिशन मोड में अप्रैल-मई तक पूर्ण करने पर ज़ोर दिया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की यह पहल कोरबा जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।

समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्माण एजेंसियों की बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की सघन समीक्षा">

















