
कोरबा–दीपका/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिनांक 12 फरवरी 2026 को सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में शासकीय महाविद्यालय दीपका में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) का विधिवत गठन किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि लोकतंत्र की जड़ों को और अधिक मजबूत किया जा सके। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन के साथ ही महाविद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक चेतना को संस्थागत स्वरूप प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रस्तुत पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, शत-प्रतिशत मतदान तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के संदेश को रचनात्मक और प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति ने यह स्पष्ट किया कि युवा वर्ग लोकतंत्र के प्रति सजग और जागरूक भूमिका निभाने के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाला प्रत्येक नागरिक लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समय पर मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
उन्होंने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह क्लब युवाओं को निर्वाचन से जुड़ी जानकारी, मतदाता अधिकार एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निरंतर जागरूक करेगा। यह मंच युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक मतदाता बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की आयोजन टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन राजमणि साकेत द्वारा किया गया। इस अवसर पर जी. सी. देवांगन (सहायक प्राध्यापक, भौतिकी), श्रीमती हेमलता कंवर (कॉलेज स्वीप नोडल अधिकारी), सहायक प्राध्यापक एस. के. राठौर सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शत-प्रतिशत मतदान, मतदाता पंजीकरण तथा लोकतांत्रिक जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यह आयोजन प्रशासन और शिक्षण संस्थान के समन्वय से लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने युवाओं की निर्णायक पहल शासकीय महाविद्यालय दीपका में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन, पोस्टर प्रतियोगिता से उभरा SIR और मतदान का संदेश">

















