
कोरबा /गेवरा बस्ती, 10 फरवरी 2026।
शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला गेवरा बस्ती में वार्षिक उत्सव एवं कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के विदाई समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन उत्साह और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट और सांस्कृतिक उमंग से सराबोर नजर आया।
मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि पार्षद माननीय तेज प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथियों में पार्षद श्री श्रवण कुमार यादव, पार्षद श्री इंद्रजीत बिंझवार, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष राठौड़, पार्षद श्री प्यारेलाल दिवाकर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, वरिष्ठ शिक्षक श्री डी.डी. साहू सहित पालकगण एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
प्रधान पाठक ने दी बोर्ड परीक्षा हेतु शुभकामनाएं
स्वागत उद्बोधन में संस्था की प्रधान पाठक श्रीमती मंजू कुजूर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं को आगामी बोर्ड परीक्षा हेतु अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, नाटक एवं समूह गान की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक श्रीमती ईश्वरी तिवारी एवं सुश्री सानिया कुर्रे के मार्गदर्शन में प्रस्तुत कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतिभागी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को पार्षद श्री श्रवण कुमार यादव, श्री इंद्रजीत बिंझवार एवं श्री प्यारेलाल दिवाकर के सौजन्य से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आठवीं के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई
समारोह के अंत में कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विद्यालय परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई।
संचालन एवं आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती जया वैष्णव एवं श्री मृगेन्द्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती राजेश्वरी पांडे द्वारा किया गया।
सभी के सहयोग से सफल रहा आयोजन
इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में पार्षद श्री तेज प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष राठौड़, शिक्षिका श्रीमती स्वाति मिश्रा, भृत्य श्री अजय कुमार यादव एवं स्व सहायता समूह के सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
सम्पूर्ण आयोजन ने शिक्षा, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

माध्यमिक शाला गेवरा बस्ती में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह">


















