
सरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद–फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। जिले के पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप नशे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रही गांजा खरीददार महिला को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी 2026 को सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे दो आरोपियों को पकड़ा था। आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BG 4857 से गांजा परिवहन कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रमा कुमार खांडे एवं अजय दिवाकर, दोनों निवासी जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई थी। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
मामले की विस्तृत जांच के दौरान गिरफ्तार तस्करों से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से लाया गया गांजा सहोद्रा डहरिया को बेचते थे, जो स्वयं गांजा खरीदकर आगे उसकी अवैध बिक्री करती थी। सहोद्रा डहरिया, पिता संतोष डहरिया, निवासी ग्राम अमरताल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा, घटना के बाद से ही फरार चल रही थी और लगातार ठिकाने बदल रही थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार महिला अपने गांव अमरताल में मौजूद है। सूचना की तस्दीक के बाद दिनांक 10 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम अमरताल, थाना अकलतरा से सहोद्रा डहरिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने पहले से गिरफ्तार आरोपी रमाकांत से गांजा खरीदकर उसकी बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने महिला को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा, महिला आरक्षक प्रीति खड़िया, साइबर सेल प्रभारी रामकुमार मानिकपुरी, कृष्णा डनसेना, दीपक मैत्री सहित समस्त पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। सरिया पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।



















