
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 फरवरी 2026।
जिले को फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर और अपंगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से मुक्त करने के उद्देश्य से 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक संचालित फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने पीएमश्री स्कूल सारंगढ़ का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को आयु एवं ऊंचाई के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन स्वयं कराते हुए अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक मच्छर जनित रोग है, जो समय पर उपचार न होने पर व्यक्ति को जीवनभर के लिए अपंग बना सकता है। इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही फाइलेरिया रोधी दवा का नियमित और अनिवार्य सेवन।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाहों में न आएं और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर दी जाने वाली दवाओं का सेवन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निराला ने बताया कि जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनों की टीमें घर-घर जाकर लक्षित आबादी को दवा का सेवन करा रही हैं। बच्चों को दवा उनकी आयु एवं ऊंचाई के अनुसार दी जा रही है, जिससे यह पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि यह दवा गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों एवं दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को छोड़कर शेष सभी को दी जा रही है। अभियान के दौरान स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला उपस्थित रहा और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में जिले में चलाया जा रहा यह अभियान फाइलेरिया मुक्त जिले की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम माना जा रहा है

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को मिली रफ्तार कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने पीएमश्री स्कूल में विद्यार्थियों को स्वयं दवा खिलाकर दिया जागरूकता का संदेश">




















