
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत कृषि उपज मंडी प्रांगण, सारंगढ़ में आज जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 200 जोड़े विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दांपत्य बंधन में बंधे। यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और संवेदनशील शासन का सशक्त उदाहरण बना।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वर-वधुओं के परिजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवदंपत्तियों के बीच पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके सुखद, सफल एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल विवाह का नहीं, बल्कि सामाजिक सहयोग और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में विवाह एक महंगा सामाजिक आयोजन बन गया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है, ऐसे में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए एक वरदान सिद्ध हो रही है।

डॉ. कन्नौजे ने कहा कि राज्य सरकार इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह के अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिसमें से 35 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। इस अवसर पर कलेक्टर द्वारा प्रतीकात्मक रूप से सहायता राशि का चेक वर-वधुओं को प्रदान किया गया।
उन्होंने नवदंपत्तियों से कहा कि वे आपसी समझ, विश्वास और सहयोग के साथ अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करें और समाज के लिए एक आदर्श परिवार का उदाहरण बनें। उन्होंने ईश्वर से सभी के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने भी शासन की इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज के कमजोर वर्गों के लिए सम्मान और राहत दोनों प्रदान कर रही है। उन्होंने नवदंपत्तियों को नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि इस सामूहिक विवाह आयोजन ने न केवल 200 परिवारों के सपनों को साकार किया, बल्कि सामाजिक एकता, समान अवसर और प्रशासनिक संवेदनशीलता का भी सशक्त संदेश दिया।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से 200 जोड़े दांपत्य बंधन में बंधे कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन में भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन, नवदंपत्तियों को मिला सम्मान और सहयोग">



















