
बालोद, 22 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ शासन की विशेष प्राथमिकता वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के अंतर्गत बालोद जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक जारी है। जिले में स्थापित धान खरीदी केन्द्रों के माध्यम से अब तक 64 हजार 704 किसानों से 28 लाख 64 हजार 22 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 680 करोड़ 22 लाख 24 हजार 374 रुपये से अधिक की राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया गया है। समय पर भुगतान मिलने से जिले के किसानों में प्रसन्नता एवं संतोष का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी कार्य को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। धान खरीदी की सतत निगरानी हेतु नोडल अधिकारियों को उनके-अपने प्रभार वाले खरीदी केन्द्रों में नियमित रूप से पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा खाद्य, सहकारिता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी धान खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर कार्य की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शुद्ध पेयजल, छांव, बैठने की व्यवस्था, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन की इस संवेदनशील व्यवस्था के चलते धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
जिले में धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था को लेकर किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। बालोद विकासखण्ड के ग्राम अरौद के कृषक श्री रूमलाल ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि टोकन कटने के बाद बिना किसी परेशानी के उनका धान खरीदा गया। उन्होंने कहा कि खरीदी केन्द्रों में की गई समुचित व्यवस्था के कारण किसानों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है और प्रक्रिया पूरी तरह सरल एवं पारदर्शी है।
इसी तरह देवीनवागांव के कृषक श्री सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने 30 क्विंटल मोटा धान की बिक्री की थी, जिसकी राशि 72 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो गई। उन्होंने कहा कि शासन की यह व्यवस्था किसानों के लिए बेहद लाभकारी है और इससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है।
समयबद्ध भुगतान और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था से जिले के किसानों में शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। किसान इसे अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बता रहे हैं। बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान न केवल किसानों को आर्थिक संबल दे रहा है, बल्कि शासन की किसान-हितैषी नीतियों को भी धरातल पर साकार कर रहा हैं


















