
कोरबा, 10 अप्रैल 2026/
प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना आज लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहारा देने के साथ-साथ उन्हें समाज में नई पहचान और सम्मान भी दिला रही है।
इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह सहायता राशि महिलाओं के लिए एक स्थायी संबल बनकर उभर रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर पा रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हो रही है।
कोरबा शहर के पोड़ीबहार क्षेत्र में निवासरत श्रीमती श्यामा प्रजापति इस योजना की एक सशक्त लाभार्थी हैं। वे आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं और अपने परिवार के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
श्रीमती प्रजापति बताती हैं कि योजना के माध्यम से उन्हें अब तक 26 किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं। नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता और भरोसा लेकर आई है। पहले जहां छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब वे इस राशि की मदद से घर-परिवार के कई जरूरी खर्च स्वयं ही पूरा कर लेती हैं।
उन्होंने बताया कि इस सहायता राशि का उपयोग वे घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दैनिक जरूरतों और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। इससे उन्हें आर्थिक राहत के साथ मानसिक संतोष भी मिला है।
श्रीमती श्यामा प्रजापति का कहना है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सक्रिय, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आगे बढ़ने और समाज में अपनी पहचान बनाने का सशक्त अवसर प्रदान कर रही है



















