
कोरबा, 09 अप्रैल 2026।
जिले के ग्राम कुरुडीह में लंबे समय से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों की समस्या को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के लिए निर्देशित किया और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुरुडीह के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत से मुलाकात की और उन्हें बताया कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना था कि विद्युत विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद भी ट्रांसफार्मर को बदलने या सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके कारण पूरे गांव में बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन माह से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। इससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और कृषि से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। गांव के लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस समस्या का जल्द समाधान करेगा।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने तत्काल विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) श्री रोशन वर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश के बाद विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम कुरुडीह में नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया, जिससे गांव में फिर से बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से प्रारंभ हो गई।
इस मामले में लंबे समय तक लापरवाही बरते जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्युत विभाग के ईई को निर्देशित किया कि भैसमा वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले सब इंजीनियर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिले में कहीं भी इस प्रकार की समस्या सामने आए तो उसका समय पर और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्राम कुरुडीह में नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। गांव के लोगों ने प्रशासन और कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता रहेगा।



















