
कोरबा, 01 अप्रैल 2026 /
कोरबा जिले में स्वास्थ्यगत आपात स्थितियों से निपटने हेतु अब चिकित्सा सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होने जा रही हैं। जिलेवासियों को त्वरित और जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट परिसर से 5 नए संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलेवासियों को इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए बधाई देते हुए कहा कि इन नए वाहनों के जुड़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगी।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि संजीवनी एक्सप्रेस के माध्यम से अब जिले में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनेंगी। उन्होंने बताया कि इन वाहनों के संचालन से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराना अब और आसान होगा, जिससे जीवन बचाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा कोरबा जिले को कुल 13 संजीवनी एक्सप्रेस वाहन आवंटित किए गए हैं। इनमें से 3 वाहन जिला अस्पताल, 9 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 1 वाहन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए निर्धारित है। आज इनमें से 5 नए वाहनों को सेवाएं प्रदान करने हेतु रवाना किया गया, जबकि शेष वाहन भी शीघ्र ही जिले में पहुंचकर कार्य प्रारंभ करेंगे।
संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों में वेंटिलेटर, मॉनीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित अत्याधुनिक आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे यह चलती-फिरती जीवनरक्षक इकाई के रूप में कार्य करते हैं। विशेष रूप से नए वाहनों में से 2 एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से युक्त हैं, जिन्हें गंभीर मरीजों की बेहतर देखभाल हेतु जिला अस्पताल कोरबा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में तैनात किया जाएगा।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जिले में जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, 5 नए संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना ग्रामीण क्षेत्रों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल">




















