
कोरबा, 01 अप्रैल 2026 /
कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढपढप-बांकीमोंगरा आज आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत केंद्र बन गया, जब यहां आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा एवं भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया।
इस विशेष अवसर पर 108 दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। राज्यपाल श्री डेका ने सभी नवविवाहित जोड़ों से आत्मीय मुलाकात की, उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

अपने उद्बोधन में राज्यपाल ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता, सहयोग और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। यह पहल उन परिवारों के लिए एक बड़ी सहायता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को पूर्ण करने में कठिनाई महसूस करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री डेका ने सभी नवविवाहित जोड़ों को सम्मान स्वरूप प्रत्येक को पाँच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस घोषणा से कार्यक्रम में उपस्थित नवदंपत्तियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी।
इस गरिमामयी आयोजन में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित श्री धीरेंद्र शास्त्री की उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। उन्होंने राज्यपाल से सौजन्य भेंट कर कार्यक्रम की महत्ता पर चर्चा की। हनुमंत कथा के भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण ने पूरे आयोजन को दिव्यता से भर दिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं भी सराहनीय रहीं।
यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम न केवल सामाजिक सहयोग का उदाहरण बना, बल्कि समाज को यह संदेश देने में भी सफल रहा कि एकजुट प्रयासों से जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं।

राज्यपाल रमेन डेका हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल, 108 जोड़ों को दिया आशीर्वाद">




















