
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले में अवैध खनन और गौण खनिज के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख़्त और प्रभावी कार्रवाई की है। डॉ. संजय कन्नौजे के स्पष्ट निर्देशों के बाद खनिज विभाग का अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतरा और महज़ दो दिनों के भीतर चार हाईवा वाहनों को जब्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने संचार माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त के दौरान गौण खनिज का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिन्हें तत्काल जब्त कर थाना भटगांव के सुपुर्द किया गया।
इसी क्रम में शनिवार को भी खनिज अमले ने सतर्कता दिखाते हुए क्षेत्र में जांच अभियान जारी रखा। इस दौरान दो अन्य हाईवा वाहन अवैध रूप से गौण खनिज परिवहन करते पाए गए। इन वाहनों को भी जब्त कर थाना सारंगढ़ में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। लगातार दो दिनों तक हुई इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग के अनुसार यह संपूर्ण कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खनिज एवं खनिज विकास अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। प्रशासन ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में जिला प्रशासन “शासन की मंशा के अनुरूप सख़्त नियंत्रण और पारदर्शी कार्यवाही” की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे अवैध कृत्यों के विरुद्ध और अधिक कठोर अभियान चलाए जाएंगे।
यह कार्रवाई न केवल शासन-प्रशासन की दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है, बल्कि यह भी स्पष्ट संदेश देती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं और जिले में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर महादेव जी की कृपा से प्रशासन की सख़्त नजर बनी रहेगी।




















