
सारंगढ़–बिलाईगढ़।
शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, सारंगढ़ में वार्षिक स्नेह सम्मेलन, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में महाविद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध किया कि शिक्षा के साथ-साथ कला और संस्कृति भी व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पूरे कार्यक्रम के दौरान हर्ष और उमंग का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, सत्ताधारी दल की जिलाध्यक्ष श्रीमती ज्योति पटेल, वरिष्ठ सदस्य अरविन्द हरिप्रिया, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, तहसीलदार प्रकाश पटेल, आयोजन प्रभारी प्राचार्य रामचंद्र भैना, लोकेश्वर पटेल, रमेश सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली।
अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्राओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि स्नेह सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे छात्राओं में टीमवर्क, आत्मबल और प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।
कार्यक्रम के अंत में खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता के लिए महाविद्यालय परिवार की सराहना की गई और सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





















