
उरगा। क्षेत्र में इस वर्ष भी दुर्गोत्सव एवं दशहरा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हर वर्ष की भांति इस बार भी सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति, उरगा द्वारा भव्य आयोजन की रूपरेखा तय कर ली गई है। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही माता रानी की भव्य झांकी और पूजन-अर्चन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
समिति के अध्यक्ष श्री प्रवीण पाण्डेय एवं उपाध्यक्ष श्री दिनेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन विशेष होने वाला है, क्योंकि समिति का यह लगातार नवां वर्ष है। पुनर्गठन के बाद समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य इस आयोजन को और भी भव्य बनाने में जुटे हुए हैं।
नवरात्रि के प्रथम दिवस पर माता रानी के शोभायात्रा और आगमन पूजन के साथ विधिवत शुरुआत होगी। इसके बाद लगातार नौ दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। इसमें डांडिया नाइट, जसगीत प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल होंगी, जिनमें आसपास के गाँवों और कस्बों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 03 अक्टूबर को होगा। इस दिन भव्य रावण दहन और आतिशबाजी के साथ दशहरा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक नितिन दुबे अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। नितिन दुबे अपने सुपरहिट गानों और भक्ति गीतों के लिए प्रसिद्ध हैं और उनके लाइव कार्यक्रम का इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे हैं।
समिति ने बताया कि इस बार पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा और झांकियों से सजाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग आदि की भी विशेष तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने बताया कि “हमारा प्रयास है कि हर वर्ष लोगों को भक्ति और सांस्कृतिक माहौल का एक अलग अनुभव मिले। इस बार भी समिति के सभी सदस्य जी-जान से तैयारियों में जुटे हुए हैं। जनता से निवेदन है कि वे अपने परिवार सहित इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होकर धर्म, संस्कृति और मनोरंजन का आनंद लें।”
उरगा का दुर्गोत्सव और दशहरा वर्षों से पूरे इलाके में पहचान बना चुका है। लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष का उत्सव पिछले सभी वर्षों से अधिक भव्य और यादगार होगा।उपाध्यक्ष श्री दिनेश अग्रवाल सहित समिति के सदस्यों ने इस कार्यक्रम में उपस्थित हेतु आम जनमानस से अपील किया है।