
तबादला नीति: कटघोरा वनमंडल में उप वनमंडलाधिकारी रिकरिहा और रेंजर लकड़ा व दहायत हुए प्रभावित, वन विभाग में बड़े स्तर पर सहायक वन संरक्षक संवर्ग के अधिकारियों एवं वन क्षेत्रपालों का हुआ स्थानांतरण
__________________________
कोरबा/कटघोरा:- छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने बीते 31 जुलाई 2025 को एक आदेश के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पदस्थ वन अधिकारियों के थोक में तबादले किये है। सरकार के इस तबादला नीति में 41 सहायक वन संरक्षक संवर्ग के अधिकारी व 67 वन क्षेत्रपाल प्रभावित हुए है। जिनमे कटघोरा वनमंडल के पाली उप वनमंडल में पदस्थ उप वनमंडलाधिकारी चंद्रकांत टिकरिहा को प्रतिनियुक्ति पर वन विकास निगम भेजा गया है, उनके स्थान पर अनुसंधान एवं विस्तार, रायपुर में पदस्थ सहायक वन संरक्षक हितेश कुमार ठाकुर पाली उप वनमंडल के नए उप वनमंडलाधिकारी होंगे। इसी तरह पसान रेंज में पदस्थ रेंजर रामनिवास दहायत का तबादला सरगुजा वनमंडल के लखनपुर परिक्षेत्र किया गया है, उनके स्थान पर कवर्धा वनमंडल के तरेगांव परिक्षेत्र में पदस्थ रेंजर मनीष सिंह को भेजा गया है। वहीं पाली रेंजर संजय लकड़ा रायगढ़ वनमंडल के रायगढ़ वन परिक्षेत्राधिकारी होंगे तो मरवाही वनमंडल के गौरेला परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर प्रसाद बंजारे को पाली रेंज की जिम्मेदारी दी गई है। तबादला नीति में प्रभावित सभी अधिकारियों को जल्द ही अपने- अपने नवीन पदस्थापना स्थल का कार्यभार लेने आदेशित किया गया है।