
कोरबा,
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटुवा में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। पंचायत में वर्ष 2021 में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से एक पुलिया का निर्माण कराया गया, लेकिन यह पुलिया मुख्य मार्ग के बजाय एक खेत की पानी निकासी के लिए बनाई गई है, जिससे अब ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
सूत्रों की जानकारी के अनुसार, पंचायत में कई ऐसे स्थान हैं जहां सार्वजनिक आवागमन के मुख्य मार्ग होने के बावजूद आज तक पुल निर्माण नहीं हो पाया है। वहीं दूसरी ओर कम उपयोग वाले स्थान पर भारी राशि खर्च कर पुलिया निर्माण करा दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के प्रमुख आवागमन मार्ग पर आज तक पुल का निर्माण नहीं हो सका है। बरसात के दिनों में यह रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर पुलिया बनाई गई है, वहां कम लागत में पाइप डालकर भी पानी निकासी की व्यवस्था की जा सकती थी। इसके बावजूद लाखों रुपये खर्च कर पुलिया निर्माण कराया गया, जबकि आवश्यक स्थानों को नजरअंदाज कर दिया गया।

यह निर्माण कार्य पूर्व सरपंच और वर्तमान सचिव के कार्यकाल में डुग्गुपारा सोढ़ी नदी से बनखेता मार्ग पर कराया गया बताया जा रहा है। मामले में स्वीकृति प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के लिए कई बार प्रस्ताव दिए गए, लेकिन उन्हें स्वीकृति नहीं मिली।
इस संबंध में पूर्व में पूछे जाने पर सचिव का कहना था कि “जहां के लिए स्वीकृति मिली, वहीं निर्माण कराया गया।” हालांकि, यह जवाब अब नए प्रश्न खड़े कर रहा है कि आखिर ऐसी जगह के लिए स्वीकृति क्यों दी गई, जहां इसकी आवश्यकता ही नहीं थी।
वहीं, इस संबंध में जब सरपंच से फोन के माध्यम से संपर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उनका कॉल रिसीव नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा मुख्य मार्ग पर पुल एवं सड़क निर्माण कराने की मांग प्रशासन से की है। फिलहाल, मामले को लेकर पंचायत में असंतोष का माहौल बना हुआ है और अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।




















