
कोरबा, 10 अप्रैल 2026/
कोरबा जिले की राजनीति और किसान हितों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए किसान कांग्रेस संगठन ने जनक दास कुलदीप को शहर जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के किसानों में उत्साह और नई उम्मीद का संचार हुआ है। यह पहली बार है जब कोरबा शहर में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के रूप में किसी समर्पित कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी दी गई है।
जनक दास कुलदीप वार्ड क्रमांक 65 भैरोंताल के निवासी हैं और एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनकी जमीनी समझ, किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और संघर्षशील स्वभाव को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति प्रदेश किसान कांग्रेस विभाग के प्रभारी महामंत्री अकील हुसैन द्वारा की गई, जिसमें अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा एवं राष्ट्रीय प्रभारी अखिलेश शुक्ला की सहमति भी शामिल रही।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर के अनुमोदन तथा किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा की अनुशंसा ने इस नियुक्ति को और भी मजबूत आधार प्रदान किया है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जनक दास कुलदीप जैसे जमीनी कार्यकर्ता के नेतृत्व में किसान कांग्रेस को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जनक दास कुलदीप ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ा दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किसानों के हित में कार्य करेंगे और हर जरूरतमंद किसान की आवाज बनेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समाधान कराना, शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत बनाना है। उनकी नियुक्ति से जिले के किसान वर्ग में विश्वास और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी।



















