
कोरबा। ग्राम पंचायत ढपढप में 31 मार्च को आयोजित हनुमंत कथा में आस्था का ऐसा अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां लाखों श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के ओजस्वी प्रवचनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कम उम्र में ही देशभर में अपनी पहचान बना चुके शास्त्री जी के प्रति लोगों की गहरी आस्था देखने को मिली—पंडाल में दूर-दूर से पहुंचे उनके अनुयायी और हनुमान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
कथा के दौरान 583 लोगों की ‘घर वापसी’ कराई गई, जिसमें एक मुस्लिम परिवार भी शामिल रहा। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए और पूरा परिसर “जय श्रीराम” व “बजरंगबली की जय” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सरोज पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। डॉ. पवन सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष कोरबा उपस्थिति भी विशेष रही।

अपने संबोधन में शास्त्री जी ने जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों को विनम्रता, व्यवहार कुशलता और सभी को साथ लेकर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति एकता में है, और सेवा भाव से ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने हिंदू समाज के संरक्षण, जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने की बात कही।
विशाल भीड़ और भव्य आयोजन को देखकर ऐसा लगा मानो छोटे से ग्राम ढपढप में “जंगल में मंगल” का दृश्य जीवंत हो उठा हो। यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भक्ति और संस्कारों का जीवंत उदाहरण बन गया।


ढपढप में उमड़ा आस्था का महासागर: धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में भक्ति, एकता और जनसमरसता का संदेश">




















