
कोरबा, 17 मार्च 2026।
जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर और पेट्रोल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
इस व्यवस्था की सफलता का एक उदाहरण इंद्राविहार कॉलोनी निवासी श्री सुभाष चंद्र अग्रवाल का अनुभव है। उन्होंने बीते दिन घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग की थी और अगले ही दिन उन्हें समय पर सिलेंडर प्राप्त हो गया। श्री अग्रवाल ने बताया कि शुरुआत में उन्हें गैस उपलब्धता को लेकर भ्रम था, लेकिन वास्तविक स्थिति देखने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है।
खाद्य अधिकारी श्री घनश्याम कंवर ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रतिदिन नया स्टॉक भी पूर्व की भांति पहुंच रहा है। शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों—सारांश गैस, कोरबा गैस एजेंसी और पवन गैस एजेंसी—की आपूर्ति स्थिति और वितरण क्षमता की समीक्षा की गई है।
जानकारी के अनुसार, सारांश गैस एजेंसी में प्रतिदिन वितरण क्षमता को 450 से बढ़ाकर 480 सिलेंडर किया गया है। कोरबा गैस एजेंसी में यह आंकड़ा 630 से बढ़ाकर 650 सिलेंडर प्रतिदिन किया गया है, वहीं पवन गैस एजेंसी ने अपनी क्षमता 300 से बढ़ाकर 370 सिलेंडर प्रतिदिन कर दी है। प्रशासन द्वारा सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्टॉक और वितरण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

कोरबा में एलपीजी गैस व पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू">



















