
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 मार्च 2026।
जिले में पीलिया के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कड़े निर्देशन में मंगलवार को खाद्य एवं औषधि विभाग ने सारंगढ़ शहर में सघन जांच अभियान चलाते हुए होटल, गुमटी और ठेलों पर व्यापक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान अभिहित अधिकारी भारत पटेल के मार्गदर्शन में टीम ने विभिन्न वार्डों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर लापरवाही सामने आने पर व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी गई और खाद्य सामग्री को ढंककर रखने, बासी खाद्य पदार्थों का विक्रय पूर्णतः बंद करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने पेयजल की शुद्धता को भी गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका द्वारा सप्लाई किए जा रहे पानी का केमिकल एवं माइक्रोबियल परीक्षण हेतु नमूना लिया। वहीं बाजार में गन्ना जूस, आम जूस और गुपचुप ठेलों की बारीकी से जांच की गई। बर्फ और पानी के विधिक नमूने लेकर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में उपयोग होने वाली बर्फ केवल स्वच्छ पानी से तैयार होनी चाहिए। मछली आदि को सुरक्षित रखने में उपयोग होने वाली अखाद्य बर्फ का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। इसके लिए इंडिगो कार्मिन ब्रिलियंट ब्लू रंग की बर्फ के उपयोग की हिदायत दी गई।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य एवं वरुण पटेल सक्रिय रूप से मौजूद रहे। प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान जिले में सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।
— CIB NEWS INDIA | प्रदीप लहरे की विशेष रिपोर्ट

जनस्वास्थ्य पर कलेक्टर सख्त: पीलिया रोकथाम हेतु सारंगढ़ में खाद्य प्रतिष्ठानों पर चला सघन जांच अभियान">



















