
घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बालोद, 12 मार्च 2026।
जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बालोद जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इसी संबंध में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा की अध्यक्षता में जिले के 11 एलपीजी एजेंसी संचालकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर ने सभी एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान एजेंसी संचालकों ने बताया कि गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर प्रावधानों के अनुसार उपभोक्ता एक निर्धारित अवधि के बाद ही अगली रिफिल बुक कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता गैस सिलेंडर प्राप्ति के 45 दिन बाद तथा शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिन बाद अगली बुकिंग कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि से पहले की गई बुकिंग सॉफ्टवेयर द्वारा स्वीकार नहीं की जाती। इस संबंध में उपभोक्ताओं से भी अपील की गई कि वे निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद ही ऑनलाइन बुकिंग करें, ताकि वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। बालोद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बुकिंग के 5 से 6 दिनों के भीतर तथा अन्य क्षेत्रों में अधिकतम 5 दिनों के भीतर रिफिल सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सभी एजेंसी संचालकों को अपने-अपने परिसर में गैस सिलेंडर का उपलब्ध स्टॉक और रिफिल की दर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शी जानकारी मिल सके।
अपर कलेक्टर ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग की टीम द्वारा इस संबंध में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में डौण्डी क्षेत्र के कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापामार कार्रवाई कर 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जिला प्रशासन ने होटल, ठेला और गुमटी संचालकों से अपील की है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करें और केवल निर्धारित व्यावसायिक गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी को नियमानुसार समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

बालोद जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता एजेंसी संचालकों की बैठक में उपभोक्ताओं को सुव्यवस्थित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश">


















