
कोरबा, 10 मार्च 2026।
जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
बैठक में कलेक्टर ने मार्च माह के लिए खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खाद्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी उचित मूल्य दुकानों में समय पर पर्याप्त राशन भंडारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में राशन का वितरण पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से होना चाहिए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित उचित मूल्य दुकानों की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही कलेक्टर ने उपार्जन समितियों में भंडारित धान के उठाव की स्थिति की जानकारी ली और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलर्स की बैठक आयोजित करने तथा जारी मांग पत्र के अनुसार कम उठाव करने वाले मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना, वय वंदन कार्ड तथा आभा आईडी निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य शिविरों के साथ-साथ घर-घर जाकर छूटे हुए हितग्राहियों के कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सिकलसेल, गैर-संचारी रोग, डायबिटीज और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों की व्यापक जांच कर शत-प्रतिशत परीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने पंचायतों में स्वीकृत नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने तथा जो कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुए हैं उन्हें जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को रेडी-टू-ईट उत्पादन इकाइयों में शीघ्र उत्पादन शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को वेंडर्स की नियमित बैठक आयोजित करने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने और स्वीकृत प्रकरणों में शीघ्र सोलर पैनल स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना के तहत पीवीटीजी बसाहटों में स्वीकृत आवास, सड़कों, आंगनबाड़ी भवनों तथा पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निविदा प्रक्रिया और वर्क ऑर्डर जारी करने में तेजी लाकर सभी कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। हाउसिंग बोर्ड को भी निर्माणाधीन शिक्षक आवास और छात्रावास भवनों के कार्य में गति लाने के लिए निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जल संचयन जनभागीदारी योजना के तहत जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, कलेक्टर जनदर्शन तथा समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री तरुण कुमार किरण, कटघोरा एसडीएम श्री तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकाय सीएमओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

कलेक्टर कुणाल दुदावत की समय-सीमा बैठक: योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश">



















