
लेमरू स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएँ बढ़ाने और चिर्रा–श्यांग सड़क जून तक पूर्ण करने के निर्देश
कोरबा, 07 मार्च 2026/
जिले के अंतिम छोर पर बसे सुदूरवर्ती ग्राम नकिया में उस समय एक अलग ही माहौल देखने को मिला, जब कलेक्टर Kunal Dudawat स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुँचकर उनकी समस्याएँ सुनने बैठे। आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर उन्होंने ग्रामीणों से सहजता से संवाद करते हुए कहा – “मैं कलेक्टर हूँ, आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ। आप बताइए आपके गाँव को क्या चाहिए।” कलेक्टर की इस आत्मीय पहल से ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
कलेक्टर Kunal Dudawat ने कोरबा विकासखंड के अंतिम छोर पर बसे ग्राम लेमरू, नकिया और श्यांग का दौरा कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। ग्राम नकिया में पीवीटीजी परिवारों और ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उन्होंने उनकी समस्याएँ सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, आश्रित ग्राम कोतरा डाँड़ तक सड़क, खराखेत पारा में स्कूल भवन और आंगनबाड़ी निर्माण, नकिया में विद्युतीकरण, प्रधानमंत्री आवास सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। कलेक्टर ने इन सभी मांगों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ भी जाना। कुछ महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना की राशि उनके खाते में नहीं आई है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक को सोमवार को गाँव में शिविर लगाकर जांच करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र महिलाओं को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को खेती-किसानी के लिए भी प्रेरित किया और कहा कि बोर के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि जिनका सर्वे छूट गया है, वे आवेदन दे सकते हैं और लक्ष्य प्राप्त होते ही आवास निर्माण शुरू किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों को यह भी बताया कि फरवरी माह में जिन स्थानों पर चावल वितरण नहीं हो पाया था, उन्हें मार्च में दोनों महीनों का चावल एक साथ उपलब्ध कराया जाएगा। वन अधिकार पत्र के संबंध में भी उन्होंने ग्राम सभा से प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्राम नकिया में प्रधानमंत्री आवास को समय पर पूर्ण करने वाले पहाड़ी कोरवा हितग्राही वीरूराम और शाम कुंवर को सम्मानित कर उनकी सराहना की।
इसी क्रम में कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू का आकस्मिक निरीक्षण किया और अस्पताल में रक्त जांच सुविधा शुरू करने के लिए लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति शीघ्र करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव और आपातकालीन उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने चिर्रा–श्यांग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाकर इसे जून माह तक गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि अंतिम छोर के गाँवों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
कलेक्टर के इस जनसंवाद और निरीक्षण ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।




















