
जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी।
सेकंड हैंड वाहन बेचने के नाम पर आम नागरिक से लाखों रुपये की ठगी करने वाला लंबे समय से फरार आरोपी आखिरकार कोतवाली पुलिस जांजगीर के हत्थे चढ़ गया। आरोपी ने कार बिक्री का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में 1 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि मार्च 2023 में प्रार्थी सुखी राम साहू, निवासी केरा रोड भाठापारा, थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है और अपने उपयोग के लिए एक सेकंड हैंड चारपहिया वाहन खरीदना चाहता था। इसी दौरान उसे एक मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क हुआ, जिसमें सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम वसीम खान बताते हुए स्वयं को दुर्ग निवासी बताया।
आरोपी ने प्रार्थी को मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर 2022 मॉडल (वाहन क्रमांक CG 12 BG 3469) की तस्वीरें भेजीं और उसकी कीमत 5 लाख 20 हजार रुपये बताई। वाहन सौदा तय करने के लिए आरोपी ने बयाना राशि की मांग की। प्रार्थी ने भरोसा कर आरोपी के बताए खाते में अलग-अलग किस्तों में कुल 1,30,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
राशि प्राप्त होते ही आरोपी ने प्रार्थी का फोन उठाना बंद कर दिया और न ही वाहन बिक्री के लिए कोई संपर्क किया। बार-बार संपर्क करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तब प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा पहले भी दुर्ग में दबिश दी गई थी, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था। बाद में साइबर तकनीकी माध्यम से आरोपी की लोकेशन दुर्ग में मिलने पर इसकी सूचना जिले के विजय कुमार पांडेय, उमेश कश्यप एवं योगिता बाली खापर्डे को दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना जांजगीर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई और तत्काल दुर्ग रवाना होकर आरोपी को साइबर साक्ष्यों के आधार पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी से कार बिक्री के नाम पर ऑनलाइन पैसे लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम वसीम खान पिता मोहम्मद कासिम खान, उम्र 43 वर्ष, निवासी रूमी बाबा मजार के सामने, केलाबाड़ी वार्ड क्रमांक 41, जिला दुर्ग बताया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सहायक उप निरीक्षक मुकेश पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, साइबर थाना से आरक्षक रोहित कहरा एवं शाहबाज खान का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन वाहन खरीद-फरोख्त में पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें




















