
पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नागोई के आश्रित ग्राम लोहड़िया और पोड़ी के बीच बहने वाली नदी पर लगभग 8 से 10 वर्ष पूर्व (PMGSY) के तहत सड़क और पुलिया का निर्माण कराया गया था। यह मार्ग क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा के समान है। किंतु विगत वर्षों में हुई भारी वर्षा और तेज बहाव के कारण पुलिया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार तेज बारिश के समय नदी-नाले उफान पर आ जाते हैं और पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगता है। पूर्व में भी तेज बहाव के चलते पुल का हिस्सा बह जाने की घटना सामने आई थी। वर्तमान में पुल की स्थिति जर्जर है, जिससे आने वाले मानसून को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्राम पंचायत नागोई के सरपंच पति राजेंद्र सिंह पोर्ते ने इस समस्या को गंभीर जनहित का विषय बताते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में आश्रित ग्राम लोहड़िया, भादा एवं पोड़ी के ग्रामीणों को मुख्य बाजार, राशन दुकान, पेंशन वितरण केंद्र तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को होती है, जिन्हें लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है।

सरपंच पति ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की जा चुकी है। शासन स्तर पर ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे में क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनकी समस्या पर भी प्राथमिकता से विचार होगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए यहां कम से कम एक मजबूत छोटी पुलिया अथवा आवश्यकतानुसार बड़ा पुल निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि ग्रामीणों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम हो सके।

ग्रामीणों का विश्वास है कि राज्य और जिला प्रशासन जनहित को सर्वोपरि रखते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा। यदि समय रहते इस दिशा में कार्यवाही होती है तो न केवल आवागमन सुचारु होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।


















