
| बिलासपुर | 20 फरवरी 2026
बिलासपुर। पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण शुक्रवार को देखने को मिला, जब प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अरुण साव, उप मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह की अध्यक्षता धरमलाल कौशिक, विधायक बिल्हा, ने की।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मिला सशक्त नेतृत्व
समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई। इस अवसर पर अटल श्रीवास्तव (कोटा विधायक), सुशांत शुक्ला (बेलतरा विधायक), पूजा विधानी (महापौर बिलासपुर), विनोद सोनी (नगर निगम सभापति) एवं भरत कश्यप (नेता प्रतिपक्ष) विशेष रूप से मौजूद रहे।
पूर्व नेतृत्व को किया गया नमन
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई एवं तिलक राज सलूजा की उल्लेखनीय सेवाओं का सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया। अतिथियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब ने न केवल संगठनात्मक मजबूती हासिल की, बल्कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए भी निरंतर प्रयास किए। उनके योगदान को पत्रकारिता जगत हमेशा याद रखेगा।
नई कार्यकारिणी,नई जिम्मेदारियां
हाल ही में संपन्न चुनाव में अजीत मिश्रा को प्रेस क्लब बिलासपुर का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।
विजय क्रांति तिवारी उपाध्यक्ष, संदीप परिहार सचिव, किशोर कुमार सिंह कोषाध्यक्ष, हरिशंकर गंगवानी सह सचिव तथा कैलाश यादव कार्यकारी सदस्य के रूप में चुने गए हैं। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पत्रकार हितों, निष्पक्ष पत्रकारिता और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

अतिथियों के विचार
अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है और मीडिया समाज एवं शासन के बीच सेतु का कार्य करती है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब की क्षेत्रीय मुद्दों में सक्रिय भूमिका की सराहना की, वहीं विधायक सुशांत शुक्ला ने निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।
विश्वास और उम्मीदों के साथ नई शुरुआत
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण देते हुए सभी का आभार जताया और कहा कि नई कार्यकारिणी पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगी। उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रेस क्लब बिलासपुर अब नई ऊर्जा, नए संकल्प और मजबूत नेतृत्व के साथ पत्रकारिता के मूल्यों को और सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।



















