
रायपुर, 19 फरवरी 2026।
समय के साथ संगीत के स्वरूप में बदलाव आया है और अब भक्ति भी युवाओं की नई पहचान बनकर आधुनिक ऊर्जा के साथ सामने आ रही है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर में युवाओं को भक्ति से जोड़ने वाला एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम “भजन क्लबिंग” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 28 फरवरी 2026, शाम 6 बजे से इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में संपन्न होगा, जहाँ भक्ति, संगीत और आधुनिक प्रस्तुति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
इस भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।
इस अवसर पर आशुतोष दुबे, अतुल श्रीवास्तव सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवा वर्ग को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भजन क्लबिंग जैसे नवाचारों की सराहना के बाद यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब युवा भक्ति को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ अपनाते हैं, तो वह संस्कृति और आधुनिकता का सुंदर संगम बन जाता है। इसी प्रेरणा को साकार करने के उद्देश्य से रायपुर में यह अनूठा आयोजन किया जा रहा है।
सामाजिक चेतना मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग, जनसंपर्क विभाग एवं इस्कॉन का विशेष सहयोग प्राप्त है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्वविख्यात Madhavas Rock Band होगा, जो रॉक और फ्यूज़न शैली में भक्ति संगीत प्रस्तुत कर युवाओं को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य करेगा।
इस्कॉन की कीर्तन मंडलियाँ संकीर्तन के माध्यम से पूरे वातावरण को कृष्ण भक्ति से सराबोर करेंगी।
यह एक ऐसी “क्लबिंग” होगी, जहाँ किसी भौतिक नशे का नहीं, बल्कि भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होगा। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली भी खेली जाएगी, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी और वातावरण को भक्तिमय व उत्सवपूर्ण बना देगी।
आयोजक उज्ज्वल दीपक ने बताया कि भजन क्लबिंग युवाओं को आधुनिक अंदाज़ में भक्ति से जोड़ने का अभिनव प्रयास है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं, परिवारों और भक्ति-संगीत प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य और सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें और भक्ति की नई ऊर्जा का अनुभव करें।



















