
कोरबा, 17 फरवरी 2026। द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन 22 फरवरी को जिले में सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कोरबा जिले के कुल 3904 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए जिले में 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा की निगरानी के लिए चार उड़न दस्ता दल गठित किए गए हैं, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। इन दलों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकना और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कार्यपालिक दंडाधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
परीक्षा से पूर्व समस्त व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा हेतु 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे में नोडल अधिकारी द्वारा विस्तृत ब्रिफिंग दी जाएगी। इस बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। ब्रिफिंग के दौरान परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश, उत्तर पुस्तिका प्रबंधन, गोपनीयता, सुरक्षा उपाय और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवा में प्रवेश का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यापक तैयारियां परीक्षा को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।




















