
कोरबा, 15 फरवरी 2026। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम केराझरिया में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का भव्य शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव से हुई, जहाँ हजारों श्रद्धालु शिवभक्ति में सराबोर दिखाई दिए।
मंत्री श्री देवांगन ने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी भक्तों की मनोकामनाएँ पूर्ण करें और समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव का संचार करें। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
पाली की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊँचाई
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पाली का ऐतिहासिक शिव मंदिर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित पाली महोत्सव इस विरासत को नई पहचान देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं स्थानीय कलाकारों को मंच देकर क्षेत्र की सांस्कृतिक ऊर्जा को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर शिव मंदिर घाट पर भव्य दीपदान, माँ गंगा की आरती, भगवान शिव की दिव्य आरती और श्रीराम आरती श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुई। भव्य आतिशबाज़ी ने पूरे परिसर को रोशनी और उत्साह से भर दिया।
प्रदेश नेतृत्व का संदेश
मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ने भी जिलेवासियों को पाली महोत्सव की शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि पाली महोत्सव क्षेत्रवासियों के गौरव और सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़ा आयोजन है, जिसे और अधिक भव्य रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने दिया एकता का संदेश
कटघोरा विधायक ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने समाज में भाईचारे और विकास के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
वहीं पाली-तानाखार विधायक ने कहा कि शिवनगरी पाली में आयोजित यह महोत्सव जनता का अपना कार्यक्रम है। उन्होंने आमजनों से उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था
कलेक्टर ने स्वागत भाषण में दो दिवसीय आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियाँ महोत्सव को विशेष आकर्षण प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
पाली महोत्सव 2026 ने एक बार फिर सिद्ध किया कि कोरबा की धरती केवल औद्योगिक पहचान ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वैभव की भी प्रतीक है।
हर-हर महादेव!





















