
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर तथा जिला भाजपा कोरबा के निर्देशानुसार उरगा मंडल अंतर्गत ग्राम करुमौहा में VB-G RAM G विषयक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिले से मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा उपस्थित रहे, जिनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक संजीव शर्मा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात् उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन साव ने VB-G RAM G योजना के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए इसे मनरेगा से अधिक व्यापक, पारदर्शी एवं लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी तत्वों द्वारा इस योजना को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जिसे कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर दूर करना चाहिए ताकि आमजन तक इसके वास्तविक लाभ पहुंच सकें।

मुख्य वक्ता अजय विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने VB-G RAM G को ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह एक नया ग्रामीण रोजगार अधिनियम है, जो भविष्य में मनरेगा के स्थान पर लागू किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 125 दिनों के अकुशल शारीरिक श्रम की कानूनी गारंटी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु बायोमेट्रिक उपस्थिति, जीपीएस आधारित निगरानी तथा एआई ऑडिट जैसी आधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और वास्तविक हितग्राहियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों, युवाओं एवं महिलाओं को होने वाले लाभों को भी विस्तार से समझाया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर मंडल के पूर्व महामंत्री मनोज धीरहे, महामंत्री पवन कंवर, उपाध्यक्ष गोवर्धन पटेल एवं श्रीमती पुष्पा कंवर सहित सलजा रंगारी, भुवनेश्वरी कंवर, अग्नि देवी, बीजू सिंह, मनोज कर्ष, कुमार कंवर, चुन्नीलाल पाटील, दिलीप कौशिक, दुर्गा जायसवाल, उत्तम भारद्वाज, अभिवरण यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।



















