
कोरबा | 26 जनवरी 2026
कोरबा जिला मुख्यालय के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न इस जिला स्तरीय आयोजन ने राष्ट्रप्रेम, एकता और सुशासन का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित और समयबद्ध आयोजन जिला प्रशासन की कार्यकुशलता तथा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के सक्षम नेतृत्व को दर्शाता नजर आया।
मुख्य अतिथि श्री वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस वर्ष समारोह की विशेषता यह रही कि राष्ट्रगान के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत का भी सस्वर गायन किया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़ वासियों के नाम संदेश का वाचन किया गया। अनेकता में एकता के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह क्षण अत्यंत भावुक और गर्व से भरा रहा, जब वीर सपूतों की शहादत को नमन करते हुए जिला प्रशासन ने कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्य समारोह में सुबेदार अनंत राम पैंकरा के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट का आयोजन हुआ। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, वन रक्षक, एनसीसी, स्काउट-गाइड दलों ने अनुशासन और समर्पण के साथ परेड में भाग लिया। पुलिस बैंड की धुन और हर्ष फायर ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया।
मार्च पास्ट प्रतियोगिता में प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वन रक्षक बल को द्वितीय एवं जिला पुलिस बल महिला को तृतीय स्थान मिला। नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी सीनियर डिवीजन बालक प्रथम स्थान पर रहे।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा को प्रथम पुरस्कार, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को द्वितीय तथा डीडीएम पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर 14 शासकीय विभागों की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन हुआ, जिसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार मिला। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 103 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, एसपी श्री सिद्धार्थ तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




















