
कोरबा, 22 जनवरी 2026/
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना एवं नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में 22 जनवरी को शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा की स्वीप एवं एन.एस.एस. टीम की छात्राओं ने शहर के बुधवारी बाजार, जे.पी. कॉलोनी, एस.ई.सी.एल. कॉलोनी, काशीनगर एवं निहारिका क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर निष्पक्ष, निर्भीक एवं नैतिक मतदान का सशक्त संदेश आमजन तक पहुँचाया। छात्राओं ने सरल एवं प्रभावी संवाद के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण एस.आई.आर., राष्ट्रीय मतदाता दिवस तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन से जुड़े विषयों को जनमानस के सामने प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम संशोधन, त्रुटि सुधार, नाम विलोपन एवं मतदाता पहचान से संबंधित जानकारी देकर नागरिकों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने महाविद्यालयीन छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक सशक्त होता है। उन्होंने नागरिकों को जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण एस.आई.आर. अभियान की विस्तृत जानकारी दी तथा बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
सतीश प्रकाश सिंह ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से अपने मतदान केंद्र के बी.एल.ओ. से संपर्क कर मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर दावा-आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने 25 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” (My India My Vote) तथा टैगलाइन “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के स्वीप नोडल प्रोफेसर डॉ. विनोद साहू, सहायक प्राध्यापकगण, स्वीप कैंपस एम्बेसडर, छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस जनजागरूकता कार्यक्रम ने निष्पक्ष निर्वाचन एवं जागरूक मतदाता की भूमिका को सशक्त रूप से रेखांकित किया।




















