
बालोद, 13 जनवरी 2025/
भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी तक आयोजित देश का प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी ऐतिहासिक, अविस्मरणीय और यादगार बन गया। इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 15 हजार रोवर रेंजर, स्काउट एवं गाइड सदस्यों की सहभागिता ने बालोद को राष्ट्रीय पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई।
जंबूरी का आयोजन धर्म, जाति, भाषा और प्रांत की सीमाओं से परे देश को एकता के सूत्र में बांधने का सशक्त माध्यम बना। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। पाँच दिवसीय इस आयोजन का समापन 13 जनवरी को भव्य विदाई समारोह के साथ हुआ, जिसमें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विदाई समारोह में स्कूली शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉ. के.के. खण्डेलवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री के.पी. मिश्रा, महासचिव श्री जीपीआर सिंधिया, राज्य मुख्य आयुक्त श्री इन्द्रजीत सिंह खालसा, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में रोवर रेंजर्स, स्काउट गाइडर्स एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस भव्य एवं वृहद आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ग्राम दुधली आज छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के इतिहास में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 15 हजार रोवर रेंजरों की सहभागिता भारत की एकता, विविधता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। यह आयोजन युवा शक्ति, विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जंबूरी के माध्यम से युवाओं ने अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात किया है, जो उनके भविष्य की अमूल्य पूंजी बनेगा। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाने और आत्मसंयम, साहस तथा सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत का युवा आने वाले समय में विश्व का नेतृत्व करेगा।
भारत स्काउट गाइड की निदेशक श्रीमती दर्शना पावस्कर ने स्वागत भाषण में जंबूरी के उद्देश्य, महत्व और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु राजस्थान को जंबूरी अवार्ड, चीफ कमिश्नर अवार्ड (स्काउट) हरियाणा एवं उड़ीसा को संयुक्त रूप से तथा चीफ कमिश्नर अवार्ड (गाइड) उत्तर प्रदेश को प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जंबूरी की प्रमुख झलकियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। यह प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व विकास और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक बनकर सदैव स्मरणीय रहेगा




















