
कोरबा, 03 जनवरी 2026
नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने नए वर्ष की शुरुआत आकांक्षी विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के दूरस्थ एवं पीवीटीजी बाहुल्य गांवों से करते हुए शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने जिले के अंतिम छोर पर बसे पहाड़ी कोरवा और बिरहोर जनजाति बाहुल्य ग्राम गुडरुमुड़ा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गुडरुमुड़ा, पोड़ी उपरोड़ा, ऐतमानगर, गुरसिया, लैंगा और पसान जैसे दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र, एकलव्य एवं कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, धान खरीदी केंद्र, जलप्रदाय योजनाओं और निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा श्री मनोज बंजारे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पीवीटीजी ग्राम गुडरुमुड़ा में आयोजित चौपाल के दौरान कलेक्टर ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना, राशन वितरण, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। राशन दुकान में खराब चावल की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। बिरहोर महिला रति बाई द्वारा पुत्री के इलाज की मांग पर कलेक्टर ने तत्काल जिला अस्पताल भेजकर उपचार कराने के निर्देश दिए। पीएम जनमन आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम लगाने, नेटवर्क समस्या दूर करने, घरों तक सर्विस वायर व मीटर लगाने तथा सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। पीएम जनमन सड़क के अधूरे कार्य को 10 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कस्तूरबा गांधी एवं एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सिलेबस समय पर पूर्ण कराने, विज्ञान विषय की अतिरिक्त कक्षाएं, नियमित टेस्ट और लेखन कौशल सुधार पर जोर दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इसरो भ्रमण कराने की प्रेरक घोषणा भी की।
स्वास्थ्य सेवाओं के निरीक्षण में सीएचसी पोड़ी उपरोड़ा और पीएचसी पसान में पंजीयन, प्रसव कक्ष, लैब, टीबी एवं एनसीडी स्क्रीनिंग, दवा वितरण और पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। गर्भवती महिलाओं के समय पर संस्थागत प्रसव, टीबी संभावित मरीजों की जांच तथा जननी सुरक्षा योजना के समय पर भुगतान के निर्देश दिए गए।
पीएम जनमन अंतर्गत पीवीटीजी गांवों को जोड़ने वाली सड़कों, जल जीवन मिशन की जलप्रदाय योजना, धान खरीदी केंद्र और सिंचाई परियोजनाओं का निरीक्षण कर कलेक्टर ने सभी कार्यों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक है, जब वह अंतिम व्यक्ति तक ईमानदारी से पहुंचे।




















