
अंतिम पंक्ति तक लाभ पहुँचाने, शिक्षा-स्वास्थ्य-पेंशन-आवास पर विशेष फोकस
कोरबा, 03 जनवरी 2026/
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज जनपद कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा के सभाकक्ष में खंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। पोड़ी उपरोड़ा आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित ब्लॉक है, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने सूचकांकों में बेहतर प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा श्री मनोज बंजारे सहित सभी विभागीय अधिकारी एवं खंड स्तरीय कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए खाद्य निरीक्षकों को सभी उचित मूल्य दुकानों में गुणवत्तापूर्ण चावल का भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन चावल की शिकायत किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी, इसके लिए नियमित फील्ड विजिट अनिवार्य रूप से की जाए।
पेंशन योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी पंचायत में पेंशन भुगतान संबंधी समस्या नहीं होनी चाहिए। पंचायत सचिवों के माध्यम से 59 एवं 64 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्तियों का सर्वे कर सूची तैयार करने को कहा गया, ताकि आयु पूर्ण होते ही पेंशन प्रारंभ हो सके। साथ ही मृत्यु पंजीयन के दौरान विधवा पेंशन के प्रकरण प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश दिए गए।
दिव्यांगजनों के हित में सभी पंचायतों में सर्वे कर पात्र दिव्यांगों को समय पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा प्रमाण पत्र से वंचित दिव्यांगों को चिन्हित कर शीघ्र प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए।
पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। किसानों को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पीवीटीजी आवासों में भी योजना का लाभ पहुँचाने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने स्कूलों के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। कमजोर परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों में विशेष रणनीति अपनाने, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में शत-प्रतिशत फर्स्ट डिवीजन परिणाम सुनिश्चित करने तथा एकलव्य विद्यालयों में भी सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कलेक्टर ने एनसीडी स्क्रीनिंग, हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर जांच, टीबी उन्मूलन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिला स्तरीय कॉल सेंटर संचालन के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषण आहार का शत-प्रतिशत वितरण, शौचालय निर्माण के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, नए आंगनबाड़ी भवनों में रनिंग वाटर व्यवस्था, कुपोषण मुक्त केंद्रों के सर्टिफिकेशन एवं कार्यकर्ता-सहायिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही कलेक्टर ने केसीसी निर्माण, बीसी सखी की सक्रियता, जल जीवन मिशन, पीएम आवास, धान खरीदी, नर्सरी विकास एवं पीएम धन-धान्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।




















