
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 जनवरी 2026/
नववर्ष के अवसर पर शिक्षा और सामाजिक सरोकार का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) मुख्य शाखा सारंगढ़ द्वारा सामाजिक सेवा बैंकिंग के तहत शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने स्वयं बालिकाओं को साइकिल प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साइकिल पाकर बालिकाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। अब उन्हें घर से स्कूल तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे समय की बचत होगी और पढ़ाई में नियमितता आएगी। साइकिल मिलने के बाद बालिकाओं ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में एक साथ साइकिल चलाकर अपनी खुशी जाहिर की, जिससे माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।
यह साइकिल वितरण उन छात्राओं को किया गया, जिन्होंने गत शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉपर के रूप में स्थान प्राप्त किया था। साइकिल पाने वाली बालिकाओं में भूमिका महिलाने, रितिका यादव, नव्या रात्रे, सोफरा मनहर, ऋषिका, दीपा सिदार, हिमांशी निषाद, वर्षा चौहान, नीलम एवं छाया मानिकपुरी शामिल हैं। यह पहल अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि शिक्षा के मार्ग में आने वाली हर समस्या को दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को भी समान अवसर मिलना चाहिए। साइकिल जैसी सुविधाएं बालिकाओं को स्कूल से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कलेक्टर ने कहा कि उन्हें बालिकाओं की सफलता देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है और यही खुशी उन्हें ऐसे कार्य करने की प्रेरणा देती है।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने भारतीय स्टेट बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बैंक द्वारा सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह सहयोग प्रशंसनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे, जिससे गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिलता रहे।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री इंद्रजीत बर्मन, एसबीआई रायगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के चीफ मैनेजर श्री दीपक कुमार एवं श्री रवि कुमार, लीड बैंक मैनेजर श्री संपत कुमार, एसबीआई सारंगढ़ मुख्य शाखा के चीफ मैनेजर श्री लाल बाबू प्रसाद गुप्ता, बीईओ श्री रेशम लाल कोसले, बीईओ श्री मुकेश कुर्रे, श्री सत्येंद्र बसंत सहित स्कूली बालिकाएं एवं उनके पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने बालिकाओं को निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए अनजान लोगों से ओटीपी साझा न करने की समझाइश दी। अंत में सभी बच्चों और पालकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
कुल मिलाकर, यह कार्यक्रम कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की जनहितैषी और संवेदनशील सोच को दर्शाता है, जिसमें गरीब और स्कूल जाने वाली बालिकाओं के भविष्य को संवारने की सच्ची भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।




















