
बालोद, 24 दिसंबर 2025/
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता मॉनिटरिंग अभियान के तहत जिला जनसम्पर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर ने बालोद विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला पिरीद एवं प्राथमिक शाला भेंगारी का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयीन व्यवस्थाओं तथा आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्रत्येक कक्षा में पहुँचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित किया और अध्ययन-अध्यापन की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान श्री ठाकुर ने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, बच्चों की सीखने की क्षमता, पाठ्यक्रम की प्रगति एवं विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से न केवल उनकी पढ़ाई के संबंध में प्रश्न पूछे, बल्कि उनकी दैनिक दिनचर्या, रुचियों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद के माध्यम से उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।

जनसंपर्क अधिकारी श्री ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन, अनुशासन और धैर्य के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग से विद्या अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही वे अपने माता-पिता, परिवार, विद्यालय और शिक्षकों का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने बच्चों को निरंतर ज्ञानार्जन करने, सदाचारी जीवन जीने एवं व्यवहार में शालीनता अपनाने की सीख दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को नशापान एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से जीवन भर दूर रहने की समझाइश दी और अच्छे संस्कारों को अपनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत निर्धारित बिंदुओं के अनुसार विद्यालय के भौतिक वातावरण, कक्षा-कक्षों की स्थिति, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की समझ के अनुरूप रोचक और प्रभावी शिक्षण विधियों का उपयोग कर शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। निरीक्षण के अंत में श्री ठाकुर ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है




















