
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 23 दिसंबर 2025।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में संपादित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, दावा–आपत्ति प्रक्रिया और आगामी कार्ययोजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों की बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उमेश साहू, एसडीएम श्रीमती वर्षा बंसल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं मीडिया के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारूप (ड्रॉफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया है। मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे वे सूची का परीक्षण कर सकें और आवश्यक दावा–आपत्ति प्रस्तुत कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रारूप मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट ceochhattisgarh.nic.in तथा जिला वेबसाइट sarangarh-bilaigarh.cg.gov.in पर भी प्रदर्शित की गई है, ताकि आम नागरिक आसानी से अपने नाम की जांच कर सकें। उन्होंने बताया कि दावा एवं आपत्ति की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने तथा त्रुटि सुधार के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
डॉ. कन्नौजे ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा, जिसके बाद आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं में इसी सूची का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर मतदाता सूची का अवलोकन कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, उन्हें फॉर्म-6 के माध्यम से घोषणा पत्र सहित आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सभी योग्य युवा मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के लिए राज्यभर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आवेदन भरने और दस्तावेजों के सत्यापन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मीडिया प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया गया कि वे मतदाता जागरूकता के लिए इस जानकारी को व्यापक रूप से प्रसारित करें।
बैठक के अंत में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं प्रशासन की सराहना की। यह पहल जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




















