
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 दिसंबर 2025।
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर थीम पर सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम कटेली में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा। शिविर में लगभग सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई की।
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं मत्स्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को मछली जाल का वितरण किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण आवास तैयार कर चुके हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे लाभार्थियों में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला।

जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 185 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 67 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि सभी पात्र आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह, जनप्रतिनिधि श्री जगन्नाथ केशरवानी, श्री भुवन मिश्रा, श्री अरुण गुड्डू यादव, श्री विनोद भारद्वाज, श्री चंद्रिका ठाकुर, श्री रोहित महिलाने, जनपद पंचायत सीईओ श्री आर.एस. नायक, डॉ. रामलाल सिदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित शिविर को ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए शासन-प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।
ग्रामीणों ने भी शिविर में अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त किया। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।




















