
औचक निरीक्षण से मजबूत हुई धान उपार्जन व्यवस्था, किसानों में बढ़ा विश्वास
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 19 दिसंबर 2025/
जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और किसान हितैषी बनाए रखने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि मौके पर ही समस्याओं का समाधान कर किसानों के विश्वास को मजबूत करना है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने सारंगढ़ विकासखंड के भेड़वन एवं हरदी धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
भेड़वन धान उपार्जन केंद्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पहले से तौली जा चुकी धान की बोरी को किसानों के समक्ष पुनः तौलने के निर्देश दिए। पुनः तौल में बोरी का वजन 40.600 किलोग्राम पाया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप था। यह देखकर मौके पर मौजूद किसानों ने संतोष व्यक्त किया और कलेक्टर से कहा कि केंद्र में धान की तौल सही ढंग से की जा रही है। किसानों की यह प्रतिक्रिया इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन की सख्ती और निगरानी से व्यवस्था में सुधार आया है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने किसानों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि धान विक्रय के पश्चात रकबा समर्पण अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फटे हुए बोरियों (बर्दाना) में धान की खरीदी किसी भी स्थिति में नहीं की जाएगी। इससे धान की गुणवत्ता बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा करने में मदद मिलेगी।
इसके पश्चात कलेक्टर ने हरदी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए ढेरी लगाकर धान खरीदी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान किसान पीतांबर द्वारा धान में कंकड़ मिलने की शिकायत की गई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए केंद्र प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि केवल साफ-सुथरा और गुणवत्ता युक्त धान की ही खरीदी की जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप ईमानदार और निष्पक्ष व्यवस्था बनी रहे।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे का यह निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनकी संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वे स्वयं मौके पर जाकर हर छोटी-बड़ी प्रक्रिया को परख रहे हैं, ताकि किसी भी स्तर पर अनियमितता की गुंजाइश न रहे। उनके इस सक्रिय रवैये से किसानों में यह भरोसा मजबूत हुआ है कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे, एसडीएम सारंगढ़ वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, उमेश साहू एवं तहसीलदार सारंगढ़ प्रकाश पटेल उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया कि धान उपार्जन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कुल मिलाकर, कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे का यह प्रयास जिले में सुशासन, पारदर्शिता और किसान हितैषी प्रशासन का मजबूत उदाहरण प्रस्तुत करता है। उनके नेतृत्व में धान उपार्जन व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है, जिससे किसानों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक दृढ़ हो रहा है।




















