
बालोद, 29 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बालोद जिले में एग्रीस्टैक पोर्टल में शेष किसानों के पंजीयन के लिए निरंतर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी सहकारी समितियों में नियमित रूप से शिविर लगाकर ऐसे कृषकों का पंजीयन कराया जा रहा है जो अब तक पोर्टल में पंजीकृत नहीं हो पाए हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के तहत, जिन किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन हो चुका है परंतु एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीकरण बाकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जा रहा है। वहीं ऐसे किसान जिनकी व्यक्तिगत जानकारी अधूरी है, उनके डाटा को भी शिविरों में अद्यतन किया जा रहा है।
राजस्व, सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम पंजीयन प्रक्रिया की निगरानी कर रही है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल के उद्देश्य, लाभ और प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का कोई भी पात्र किसान धान खरीदी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि सभी कृषकों का शत-प्रतिशत पंजीयन ही धान खरीदी की पारदर्शिता और वास्तविक रकबे के आधार पर खरीदी की गारंटी सुनिश्चित करेगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति या ग्राहक सेवा केंद्र में जाकर शीघ्र अपना पंजीयन कराएं।
शिविरों में आज भी बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराया और प्रक्रिया से संतुष्टि व्यक्त की। यह अभियान जिले के कृषकों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है तथा शासन की किसान हितैषी नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मददगार साबित हो रहा है।




















