
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 अक्टूबर
राज्य स्थापना के रजत वर्ष 2025 में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण और गरीब कल्याण की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भी विकास और जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कर रहा है। जिले के 2 लाख 22 हजार 65 राशनकार्डधारियों को खाद्य विभाग द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से सस्ती दर पर चावल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आम जनता को राहत मिल रही है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जिले के 1 लाख 6 हजार 528 हितग्राहियों को मुफ्त रसोई गैस का लाभ दिया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण और गरीब महिलाओं को धुएँ से मुक्त रसोई का वातावरण प्राप्त हुआ है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में न केवल स्वास्थ्य सुधार किया है, बल्कि उन्हें आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी प्रेरित किया है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य राज्य में हर परिवार तक आवश्यक वस्तुएँ सुलभ दरों पर पहुंचाना है ताकि किसी को भी भूखा न रहना पड़े। उज्ज्वला योजना का विस्तार ग्रामीण अंचलों तक तेजी से किया जा रहा है।
वहीं, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जिले के 89 हजार 555 पंजीकृत किसानों से 4 लाख 65 हजार 671.32 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है, जिससे किसानों को उचित मूल्य प्राप्त हुआ और कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।
सरकार की इन योजनाओं से आम नागरिक, विशेषकर गरीब, किसान और महिलाएं सीधे तौर पर लाभान्वित हो रही हैं।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला आज जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शुमार हो गया है।




















