
राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत महोत्सव के रूप में होगा आयोजन, विभागीय स्टॉलों में दिखेगा विकास का सफर
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इस वर्ष राज्योत्सव 2025 को रजत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य शासन के निर्देशानुसार, 2 नवम्बर 2025 को जिला मुख्यालय राजनांदगांव में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन महंत राजा बलराम दास शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्टेट हाई स्कूल) मैदान में शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झड़ी लगेगी और मंच पर प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गायिका आरू साहू अपने सुमधुर गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। उनके गीतों से सजी यह सांस्कृतिक संध्या राज्योत्सव के उल्लास को और भी जीवंत बनाएगी।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता को दी जाएगी। इन स्टॉलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि, उद्योग और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में शासन की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्योत्सव के इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस उत्सव में अधिकाधिक भागीदारी करने की अपील की है, ताकि राज्य की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों का सामूहिक उत्सव मनाया जा सके।
राजनांदगांव में होने वाला यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम होगा, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला और विकास की झलक भी प्रस्तुत करेगा।




















