
कोरबा/कटघोरा :- पौड़ी उपरोड़ा (छ.ग.) – जटगा पट्टाक्रमांक 33, तहसील पसान, जिला कोरबा में चल रहे भूमि विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। प्रशासन द्वारा 15 मई 2025 को जारी स्पष्ट आदेश के बावजूद विवादित भूमि (खसरा क्रमांक 397, रकबा 0.324 हेक्टेयर) पर मकान निर्माण का कार्य जारी है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने आदेश में 2 जून 2025 तक सभी निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे और पुलिस व पटवारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु जिम्मेदारी भी सौंपी थी। इसके बावजूद निर्माण रुकने के बजाय तेज़ी से जारी है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आवेदकों का आरोप:
आवेदक आशाराम सिंह भेंबर और उनके परिजनों का कहना है कि यह भूमि आदिवासी स्वामित्व की है, जिसका अभिलेख 1929-30 और 1954 से दर्ज है। उनका आरोप है कि अमरचंद पिता नथूलाल सहित अन्य 13 लोगों ने अवैध कब्जे और निर्माण की कोशिश की है।
ग्रामीणों की मांग:
प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करने वालों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई हो।
विवादित भूमि पर निर्माण को स्थायी रूप से रोका जाए।
पुलिस और राजस्व अमले की लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
स्थिति चिंताजनक:
गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि प्रशासनिक आदेश के बावजूद जारी निर्माण से आगे चलकर बड़ा विवाद और कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।